फोटो 5कांटी में जर्जर हालात में जर्जर भवन।संवाद
मंडी अटेली। खंड के गांव कांटी में स्थित पशु अस्पताल का भवन पूरी तरह जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो चुका है। ऐसे हालात में डॉक्टर भय के साये में बैठकर सेवाएं देने को मजबूर हैं। वहीं, पशुपालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्ष 1969 में पशुपालकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस अस्पताल का निर्माण किया गया था लेकिन अब इसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। गत वर्ष नवंबर में विभाग द्वारा भवन को कंडम घोषित कर दिया गया था। अस्पताल के चारों कमरे जर्जर अवस्था में हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नए भवन निर्माण के लिए विभाग ने सरकार को प्रस्ताव भेज रखा है और जल्द ही करीब 45 लाख रुपये की राशि मंजूर होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सबसे बड़ी समस्या यह है कि अस्पताल के लिए अभी तक कोई स्थायी स्थान निर्धारित नहीं किया गया है। वर्तमान भवन की जमीन वक्फ बोर्ड से संबंधित बताई जा रही है और राजस्व रिकॉर्ड में भी अस्पताल की भूमि दर्ज नहीं है।
सूत्रों के अनुसार यदि राशि मंजूर भी हो जाती है तो जमीन के अभाव में निर्माण कार्य लटक सकता है। विभाग ने ग्राम पंचायत से भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है, लेकिन अब तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।
वर्जन:
भवन को कंडम घोषित कर दिया गया है और नए निर्माण के लिए सरकार को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही जगह उपलब्ध होगी। निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-डॉ. दिलीप सिंह, पशु चिकित्सालय अधिकारी
वर्जन:
ग्राम पंचायत बस स्टैंड के पास स्थित पंचायती भूमि पर अस्पताल निर्माण के लिए आवश्यक जगह देने को तैयार है, ताकि पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।-देवी सिंह उर्फ देबू सरपंच प्रतिनिधि