महेंद्रगढ़। शादी के सीजन से सब्जियों के दामों में दस रुपये प्रति किलोग्राम तक का उछाल आया है जबकि फलों में भी हल्की बढ़ोतरी हुई है। मटर की अधिक मांग के कारण एक सप्ताह में 20 रुपये बढ़कर 100 रुपये तक जा पहुंचा है।
वहीं व्यापारियों का कहना है कि मांग के अनुसार दिल्ली व जयपुर की मंडियों से फल व सब्जियों की आपूर्ति नहीं होने से भावों में हल्का उछाल आया है। सब्जियों के दाम पिछले एक सप्ताह में 20 रुपये तक बढ़ गए जबकि फलों के दामों में 10 रुपये तक की वृद्धि हुई है।
सब्जी विक्रेता सीतराम, प्रवीण, रवि ने बताया कि सब्जियों के दाम एक सप्ताह में 20 से 30 रुपये बढ़ गए हैं। मंडी में जयपुर व दिल्ली से सब्जी आपूर्ति की जाती है और अब आपूर्ति कम हो रही है। दूसरी ओर शादी के सीजन होने के कारण आलू, गाजर, मटर, गोभी, प्याज, पेठा, व पत्तेदार सब्जियों की मांग अधिक है। मंडी में सब्जियों की आपूर्ति भी कम हो रही है और मांग अधिक होने के कारण सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी की गई है।
सब्जियों के दामों में वृद्धि
विक्रेता महेंद्र ने बताया कि आलू व प्याज व गाजर 40 रुपये प्रति किलोग्राम, गोभी 40 रुपये किलोग्राम, पेठा 40 रुपये किलो, टमाटर 50 रुपये किलोग्राम चल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इन सभी सब्जियों के दामों में वृद्धि हुई है।
पत्तेदार सब्जियों में 10 रुपये की बढ़ोतरी
इनमें गोभी व गाजर में 20 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है जबकि पत्तेदार सब्जियों में 10 रुपये बढ़ाए गए हैं। अगले सप्ताह में सब्जियों के दाम कम होने की उम्मीद है। वहीं फलों की बात करें तो इस सीजन में मांग बढ़ने से सेब भी 80 रुपये से 100 रुपये किलो, पपीता 40 रुपये 50 रुपये से किलो, अमरूद 40 से 50 रुपये किलो, अनार 50 रुपये से 70 रुपये किलोग्राम बिक रहा है।