फोटो 4बैंगन की खराब पौध को दिखाता किसान सुबेसिंह।संवाद
नांगल चौधरी। क्षेत्र में लगातार बारिश से अब सब्जी की फसल भी प्रभावित हो गई है। खेतों में पानी भरने से बैंगन, टमाटर, भिंडी, लौकी, कद्दू, तोरई और हरी मिर्च जैसी मौसमी सब्जियों की फसलें सड़ने लगी हैं।
वहीं जगह-जगह खड़े पानी के कारण पौधों की जड़े गलने लगी हैं। इससे उत्पादन पर विपरीत असर पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि कुछ दिन पहले तक सब्जियों की फसल अच्छी थी, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। पौधे सड़ने लगे हैं, कीड़े लग रहे हैं। यदि मौसम ऐसा ही रहा तो पूरी फसल खत्म हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि बारिश के कारण खेतों में दवाई व खाद डालना भी संभव नहीं हो पा रहा है। इससे बीमारी और कीट का प्रकोप बढ़ने का खतरा और ज्यादा हो गया है। किसान अब सरकार से सहायता और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं बाजार में भी इसका असर दिखने को मिल रहा है। आपूर्ति प्रभावित होने से सब्जियों के दाम बढ़ने लगे हैं। वहीं आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ने की संभावना है।
भेडंटी निवासी किसान सुबेसिंह ने बताया कि करीब 3 किला जमीन में बाजरे की अगेती फसल कर रखी थी। वहीं करीब एक किला जमीन में बैंगन, टमाटर, भिंडी सहित विभिन्न सब्जियां उगा रखी थी लेकिन अधिक बारिश के कारण बाजरे की फसल करीब 90 प्रतिशत तक खराब हो गई है। बाजरे के सिरटे अंकुरित हो गए हैं। वहीं सब्जियों में कीट लग गए हैं और पौधे सड़ गए हैं। खेतों में पानी भरने के कारण दवाई व खाद डालना भी संभव नहीं हो पा रहा है। जिससे काफी आर्थिक नुकसान हो गया है।