नारनौल। महेंद्रगढ़ रोड पर बुधवार रात करीब 12 बजे मारुति वैन बिजली के खंभे से टकराकर आग का गोला बन गई। हादसे में वैन सवार संदीप कुमार गंभीर रूप से झुलस गया जिसे लोगों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
मोहल्ला चांदूवाड़ा निवासी हलवाई हनुमान ने बताया कि उनका 35 वर्षीय बेटा संदीप लहरोदा से पनीर देकर दो अन्य युवकों के साथ नारनौल लौट रहा था। शीला अस्पताल के सामने रॉन्ग साइड से आ रही गाड़ी को बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। दो युवक बाहर निकल गए, जबकि संदीप अंदर फंस गया। सूचना पर पुलिस और दमकल की गाड़ी पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन वैन पूरी तरह जल गई। पुलिस जांच कर रही है।