फोटो नंबर-08डाकघर में कार्य करवाते लोग। संवाद
नारनौल। प्रधान डाकघर में डाक, पेंशन, और वित्तीय लेन-देन जैसे कार्य को लेकर स्थानीय लोगों सहित जिले भर से लोग आते हैं। यहां पर कंप्यूटर का यूपीएस खराब होने की वजह से लोगों को काफी देर तक लाइन में लगना पड़ता है। यूपीएस काफी लंबे समय से खराब है और इनको बदलने के लिए अभी तक कोई कदम विभाग की तरफ से नहीं उठाए गए हैं।
प्रधान डाकघर में कार्य के दौरान अगर बिजली कट जाती हैं तो जनरेटर को चालू कर दिया जाता है ताकि कार्य प्रभावित नहीं हो पाए। मगर लाइट जाने और जनरेटर चालू होने के बीच करीब 5 से 10 मिनट का समय लगता है। वहीं इस प्रक्रिया के दौरान यूपीएस बैटरी खराब होने के कारण कंप्यूटर बंद हो जाते हैं। इन दौरान काम करवाने के लिए आने वाले लोगों की भीड़ एकत्रित हो जाती है। ऐसे में लोगों को कार्य करवाने के लिए काफी देर तक लाइन में लग कर इंतजार करना पड़ता है।
उच्च विभाग को डिमांड भेजी, अब तक नहीं हुआ समाधान
प्रधान डाकघर में यूपीएस बैटरी लंबे समय से खराब है। प्रधान डाकघर के अधिकारियों द्वारा उच्च विभाग को कंप्यूटर यूपीएस बैटरी को बदलने के लिए अवगत करवा दिया गया है। संभावना है की जल्द यूपीएस बैटरी बदल दी जाएगी, लेकिन जब तक समाधान नहीं किया जाता लोगों को मजबूरन समस्या का सामना करना पड़ेगा।
विभिन्न कार्यों के लिए प्रधान डाकघर आने वाले लोग सुगमता से अपना कार्य करवा सकें, इसके लिए हम प्रयासरत हैं। कंप्यूटर का यूपीएस खराब होने की वजह से कार्य प्रभावित हो रहा, जिससे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उच्च अधिकारियों को यूपीएस बैटरी बदलने के बारे में अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
-अशोक कुमार गर्ग, पोस्ट मास्टर, प्रधान डाकघर नारनौल