नांगल चौधरी। निजामपुर स्थित गैस एजेंसी पर शनिवार को घरेलू गैस सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्साई भीड़ ने एजेंसी के एक कर्मचारी का कॉलर पकड़ लिया। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख कर्मचारी गोदाम की ओर चले गए और घटना की सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत करवाया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर वितरित किए गए।
शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंच गए थे। इससे वहां लंबी कतारें लग गईं। कई घंटों तक इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिलने पर लोगों का धैर्य जवाब दे गया और एजेंसी पर विवाद की स्थिति बन गई।
महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे खेतों में चल रहे फसल कटाई के काम को छोड़कर गैस लेने आई हैं, लेकिन घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल रहा।
एजेंसी संचालक प्रवीन ने बताया कि सरकार द्वारा गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया है। अब शहरों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही गैस बुकिंग हो सकती है।
साथ ही बिना केवाईसी के गैस नहीं दी जा रही है। इसके कारण कुछ उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई और गैस वितरण दोबारा शुरू कर दिया गया।