मंडी अटेली। आस्था वाटर पार्क के पास कैंपर गाड़ी में सवार पांच युवकों ने ट्रैक्टर रूकवा कर उसके लॉकर में रखे सात लाख रुपये निकाल लिए। वे ट्रैक्टर वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की शिकायत पर पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
गांव टहला निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह गांव के ही निवासी हवा सिंह के ट्रैक्टर पर चालक के रूप में काम करता है। नारनौल शहर से गणेश उद्योग फर्म से सरसों का तेल लेकर वह पलवल सिंगला प्रोविजनल स्टोर गया। वहां तेल खाली करने के बाद चला तो रुपयों का बैग फर्म ने ट्रैक्टर में बने लॉकर में रख दिया। जिसकी एक चाभी पलवल फर्म के पास तो दूसरी चाभी नारनौल फर्म के पास थी लेकिन जब आस्था वाटर पार्क के पास पहुंचा तो एक कैंपर गाड़ी में सवार पांच युवकों ने रुकवा लिया। उन्होंने चालक से कहा कि ट्रैक्टर की किस्त नहीं जमा है और उसे ट्रैक्टर से उतार कर कैंपर में बिठा लिया व बाड़े में ले गए। उनमें से दो युवक ट्रैक्टर के पास गए, कुछ देर बात आकर बोले कि किस्त पूरी है, जाओ और वे वहां से चले गए। प्रदीप ने बताया कि उसने ट्रैक्टर के पास जाकर देखातो लॉकर का ताला खुला हुआ था, उसमें रखे सात लाख रुपये गायब थे। उसने इसकी सूचना मालिक व पुलिस को दी।