फोटो संख्या:70- आप के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मनीष यादव--स्रोत--स्वयं
महेंद्रगढ़। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मनीष यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में सीएए लागू करने का नोटिफिकेशन जारी किया है। 10 साल देश पर राज करने के बाद चुनाव से बिल्कुल पहले सीएए की बात करनी पड़ रही है। अगर 10 साल में कुछ अच्छा काम कर लेते तो शायद आज सीएए की जगह अपने कामों पर वोट मांग रहे होते। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए दर-दर ठोकरें खा रहा है। सरकार बेरोजगारी और महंगाई का समाधान ढूंढने की बजाय सीएए पर बात कर रही है।
उन्होंने कहा कि सीएए लागू होने से हरियाणा में भी और बेरोजगारी बढ़ जाएगी जिससे और ज्यादा गरीबी बढ़ेगी। इसके अलावा कानून व्यवस्था बिगड़ जाएगी। आम आदमी पार्टी हरियाणा में सीएए लागू नहीं होने देगी। प्रदेश के युवाओं को सरकार इजराइल भेज रही है। अपने युवाओं के लिए रोजगार नहीं है, लेकिन पाकिस्तानी लोगों को लाकर उन्हें रोजगार देना चाहते हैं।