मांडोला-महेंद्रगढ़- कुकसी नेशनल हाइवे को फोरलेन करने को बजट में शामिल किया है। महेंद्रगढ़ को अब जल्द ही अल्ट्रासाउंड की सौगात मिलेगी। लोगों को 60 से 70 किलोमीटर दूर अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में डायलेसिस मशीनें भी स्थापित की जाएंगी। ये सुविधाएं सरकार उपमंडल क्षेत्र के अस्पतालों में प्रदान करेगी। महेंद्रगढ़ के अलावा कनीना में भी ये सुविधाएं मिलेंगी। इन मशीनों के लग जाने के बाद क्षेत्र के लगभग चार लाख लोगों को फायदा होगा। बजट को मिला थोड़े की रह गई हसरत वाला कहा जा सकता है।
तीन चार वर्षों से नारनौल-महेंद्रगढ़ और मंदोला तक रुके हुए नेशनल हाईवे 148बी को फोरलेन करने का प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे। इस मांग को तीन दिन पहले विधायक राव दान सिंह ने सदन में उठाया था। करीब 47 किलोमीटर लंबे इस हाइवे को चौड़ा करने के लिए क्षेत्र की लंबे समय से मांग है। इस रोड के सिंगल होने के कारण यहां लगातार हादसे हो रहे हैं। हाइवे पर लगातार जाम भी लगता है। प्रदेश सरकार ने उप मंडल स्तर के सभी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने का एलान किया है। महेंद्रगढ़ की यह मांग लंबे समय से थी। जिले में केवल नारनौल नागरिक अस्पताल में ही यह सुविधा थी। अब महेंद्रगढ़, कनीना में यह सुविधा मिलेगी। इसके अलावा एडवांस लाइफ स्पोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस भी नागरिक अस्पताल को मिलेगी। इससे हार्ट अटैक, सांस संबंधित मरीज, प्रसव, दुर्घटना, हेड इंजरी आदि संबंधित घायलों को एएलएस एंबुलेंस के सहारे हायर सेंटर ले जा सकेंगे। एंबुलेंस के अंदर वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं विद्यमान रहेंगी। इन तीनों समस्याओं को अमर उजाला ने कुछ दिनों पहले ही प्रकाशित किया था।
इन घोषणाओं पर जारी नहीं हुआ बजट:
-सबसे बड़े प्रोजेक्ट आईएमटी के बारे में बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया।
-नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ के नए भवन बनाए जाने के लिए एलान नहीं
- महेंद्रगढ़ शहर में रिंग रोड की घोषणा नहीं हो सकी
-खुडाना में महिला सैनिक स्कूल के लिए चार साल बाद भी बजट नहीं
-सतनाली सीएचसी भवन का बजट नहीं मिला
-महिला कॉलेज का नया भवन आदि का बजट में कोई जिक्र नहीं।
प्रदेश सरकार की दूसरी पारी का शानदार बजट पेश किया। मुख्यमंत्री ने बेटियों को नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा कर बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। हर वर्ग के लिए घोषणाएं की गई हैं। -रामबिलास शर्मा, पूर्व शिक्षामंत्री, हरियाणा।
प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को आंकड़ों का खेल है। कांग्रेस राज में जिस गति से प्रदेश में विकास ने गति पकड़ी थी वह कहीं पीछे छूट गया है। बजट मात्र पुरानी शराब को नई बोतल में डालने के बराबर है। जिस प्रकार से विधायकों की रायशुमारी लेकर बजट तैयार करने की बात कही गई थी । उसका कोई असर नहीं दिखा। -राव दान सिंह, विधायक, महेंद्रगढ़।
यह बजट विकास को आगे बढाएगा। उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए कई अच्छी घोषणा हैं। छात्राओं की शिक्षा के लिए अच्छी पहल की गई है। सरकार की ओर से अच्छी स्वास्थ्य योजनाओं का एलान भी हुआ है। इस बजट को सकारात्मक बजट कहा जा सकता है। प्रदेश सरकार का यह बजट विकास की नई पटकथा लिखेगा। -अनीता यादव, पूर्व सीपीएस, हरियाणा।