नांगल चौधरी। एटीएम बूथ पर पैसे निकालने कमानिया पहुंचे दो युवकों से कुछ लोगों ने मारपीट की। पीड़ित ने इसकी शिकायत नांगल चौधरी थाने में दी है। पुलिस ने शिकायत पर 5 नामजद सहित 10-12 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में छापड़ा बीबीपुर निवासी बुधराम ने बताया कि शुक्रवार सायं करीब छह बजे वह और उसका दोस्त हरीश मोटरसाइकिल पर सवार होकर एटीएम से पैसे निकालने के लिए कमानिया गए थे। वापस आते समय कमानिया निवासी नैन, सुदेश, लोकेश, पुल्टन व समीर ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की तथा मोटर साइकिल को गिरा दिया तथा मोटर साइकिल में तोड़ फोड़ की। कुछ देर बाद कमानिया के 10-12 अन्य युवक भी आ गए और सभी ने उनके साथ लाठी डंडों से मारपीट की। उनके शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे युवकों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया। उसके बाद वे मोटर साइकिल उठाकर अपने गांव की तरफ भाग गए। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत नांगल चौधरी थाने में दी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।