महेंद्रगढ़। गांव पाथेड़ा के दो लाल आज प्रो कबड्डी के सीजन 10 में पटना पाइरेट्स की टीम में अपना दमखम दिखाएंगे। साधारण किसान सतीश तंवर के बेटे सचिन तंवर व दीपक तंवर बुधवार को अहमदाबाद में होने वाले प्रो कबड्डी सीजन- 10 में पटना पाइरेट्स की ओर से खेलेंगे। इस मुकाबले का सीधा प्रसारण बुधवार रात 9 बजे शुरू होगा। वहीं गांव पाथेड़ा में सामूहिक रूप से मुकाबला देखने के लिए परिवार की ओर से तैयारी शुरू कर दी है।
सतीश तंवर का छोटा बेटा सचिन तंवर हाल ही में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी टीम के खिलाड़ी हैं और प्रो कबड्डी के इस बार छठे सीजन में भाग ले रहे हैं। टीम की ओर से 1.30 करोड़ रुपये की बोली पर रिटेन किया है। वहीं सचिन का बड़ा भाई दीपक तंवर पहली बार 10 लाख रुपये के बेस प्राइज पर बोली के आधार पर टीम में शामिल किया गया है।
किसान पिता ने बेटों को पहुंचाया मुकाम पर
साधारण किसान सतीश तंवर का कहना है कि सुविधाओं के अभावों के बावजूद उन्होंने अपने दोनों बेटों के लिए हर संभव सहयोग किया है। वहीं अब बेटों ने भी अपनी प्रतिभा के दम पर जिले को देशभर में विशेष पहचान दिलाई है। हाल ही में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे सचिन ने अपने बड़े भाई दीपक तंवर से पाथेड़ा की मिट्टी में ही कबड्डी की बारीकियां सीखी थी, लेकिन आठ साल पहले भारतीय कबड्डी टीम के साथ-साथ प्रो कबड्डी के सीजन दो में चयन होने के बावजूद भी चोट के कारण दीपक भाग नहीं ले पाए थे, लेकिन दीपक ने अपने संघर्ष को जारी रखकर यह मुकाम हासिल किया है।
ग्रामीणों को बेसब्री से है इंतजार
गांव में प्रो कबड्डी के सीजन- 10 का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। सचिन व दीपक दोनों सगे भाई हैं और परिवार की ओर से मुकाबलों का लाइव देखने के लिए अपने प्लाट में 56 ईंची एलईडी लगाकर पूरा परिवार एक साथ बैठकर प्रसारण देखता है। सचिन तंवर बेस्ट रेडर व दीपक आलराउंडर की भूमिका में नजर आएंगे। ग्रामीण भी अपने दोनों लालों के मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं। वहीं जिलाभर के खेल प्रेमियों की नजरें दोनों पर रहेंगी।
दीपक तंवर।