महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में दो फार्मासिस्ट के सहारे व्यवस्था बनाने के दावे किए जा रहे हैं। नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट के नौ पद सृजित हैं,लेकिन लंबे समय से सात पद रिक्त हैं। इससे मरीजों और तीमारदारों को परेशनियों का सामना रकना पड़ता है।
अस्पताल में प्रतिदिन 400 से 600 तक ओपीडी होती हैं। दवाई लेने के लिए भी लंबी लाइन लग जाती है। इसके कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। अस्पताल में केवल दो ही फार्मासिस्ट कार्य कर रहे हैं। दवाओं के काउंटर पर अक्सर लोगों की भीड़ रहती है। वहीं इजेक्शन लगवाने के लिए भी लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।
वहीं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट के रिक्त पदों पर तैनाती के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।