फोटो संख्या:77- हकेंवि में स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करते कुलपति प्रो. टंकेश्वर
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में वीरवार से जिला महेंद्रगढ़ खादी ग्रामोद्योग कार्यकर्ता संघ नारनौल के सहयोग से दो दिवसीय स्वदेशी वस्तुओं की प्रदर्शनी की शुरूआत हो गई।
प्रदर्शनी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने किया। विश्वविद्यालय के संपदा एवं सामान्य प्रशासन अनुभाग व स्वदेशी जागरण मंच के प्रयासों से आयोजित इस प्रदर्शनी के संबंध में कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में स्वदेशी के प्रति सम्मान व स्वीकार्यता बढ़ाने का एक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति यह हम सभी का दायित्व है कि हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में सहयोग दें। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रथम महिला प्रो. सुनीता श्रीवास्तव व कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार भी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ खादी ग्रामोद्योग कार्यकर्ता संघ नारनौल के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी जन उपयोगी स्वदेशी उत्पादों को विश्वविद्यालय के विभिन्न सहभागियों तक सहज उपलब्ध कराने का एक प्रयास है। विश्वविद्यालय के प्राॅक्टर प्रो. नंद किशोर ने खादी ग्रामोद्योग द्वारा निर्मित उत्पादों के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि प्रदर्शनी में उपलब्ध कपड़ें व अन्य उत्पाद पूरी तरह से स्वदेशी उत्पादकों द्वारा निर्मित हैं। यह पर्यावरण हितैषी तकनीक से विकसित किए गए हैं। विश्वविद्यालय में आयोजित इस दो दिवसीय प्रदर्शनी के संदर्भ में सचिव बलवंत शर्मा ने कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार व कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से खादी के उत्पादों को विश्वविद्यालय के विभिन्न सहभागियों तक पहुंचा पाना संभव हुआ है।