कनीना। उपमंडल के गांव झाड़ली में पुरानी रंजिश के चलते हुई हत्या के मामले में कनीना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव झाड़ली निवासी विनोद व राजकुमार के रूप में हुई है जो सगे भाई हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-152 डी के नजदीक गांव खेड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है जबकि मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक अनिल के बेटे कृष्ण कुमार की शिकायत पर राजकुमार, विनोद व भावना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायत में बताया गया कि परिवार के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। पुलिस के अनुसार रविवार देर रात को अनिल व उसका बेटा गांव में आयोजित एक कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति उसे बाहर बुलाकर ले गया जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अनिल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल अनिल को परिजन उपचार के लिए उप नागरिक अस्पताल कनीना लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
पीजीआई में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मृतक अनिल के बेटे कृष्ण की शिकायत पर राजकुमार, विनोद व भावना के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच करीब दस वर्षों से पारिवारिक रंजिश चली आ रही थी। बताया जा रहा है कि फरवरी 2025 में आरोपी राजकुमार ने मृतक अनिल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था।
उस मामले में अनिल करीब चार महीने पहले जमानत पर बाहर आया था जबकि संबंधित मामले में अनिल का बेटा धर्मेंद्र भी करीब डेढ़ महीने पहले जमानत पर बाहर आया था। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है और जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फोटो संख्या:65- गांव झाड़ली में हत्या के आरोपी सदर थाना कनीना पुलिस की गिरफ्त में---संवाद