कनीना के गांव खेड़ी तलवाना में अपहरण कर मारपीट करने और शराब के ठेके पर सेल्समैन से पैसे छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सदर कनीना पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोमबीर उर्फ भोलू निवासी खेड़ी और सोमबीर उर्फ सोम निवासी खेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में प्रयोग रॉड व डंडे के साथ-साथ 8 हजार की नकदी बरामद की है। पुलिस ने पूछताछ में पता लगाया कि कोल्ड ड्रिंक देने से मना करने पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि अनिल कुमार निवासी खेड़ी तलवाना ने थाना सदर कनीना में 23 नवंबर को शिकायत रात के समय दो नामजद पर अपहरण मारपीट व ठेके से सेल्समैन से 18 हजार की नकदी छीनने का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 23 नवंबर रात को वह अपने दोस्त बजरंग के साथ कुएं पर बैठा था। उसी दौरान बजरंग के फोन पर संजय का फोन आया कि दुकान पर झगड़ा हुआ है। आरोपियों ने नवीन को जबरदस्ती अपनी गाड़ी डाल लिया और कनीना की तरफ भाग गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने गुढा सीएनजी पेट्रोल पंप के पास आरोपियों की गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी गाड़ी को रोककर लात-घूसों, रॉड-डंडों से मारना शुरू कर दिया और शिकायतकर्ता और बजरंग पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
यूरो स्कूल उन्हानी के पास आरोपियों ने संजय की बाइक को टक्कर मारकर उसे रॉड-डंडों से गंभीर चोटें मारीं। इसके बाद आरोपियों ने उसके पिता के शराब के ठेके पर सेल्समैन से नकदी छीन ली और उसके दोस्त बजरंग की दुकान पर भी तोड़फोड़ कर भाग गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में थाना सदर कनीना की पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।