निजामपुर-नारनौल रोड पर कारोली टोल के पास खड़े ट्राले में पीछे से ट्रक टकराने से उसमें शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। केबिन में फंसे चालक की झुलसने से मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में ट्रक के पीछे आ रही एक कार भी टकरा गई, जिसमें सवार दो लोगों को चोट आई है।
सोमवार की रात तीन बजे छिछड़ाना गांव, जिला सोनीपत निवासी ट्रक चालक प्रदीप कुमार (27) धोलेड़ा से बजरी लेकर सोनीपत जा रहा था। जब वह कारोली टोल के पास पहुंचा तो सड़क पर खड़े ट्राले में पीछे से उसका ट्रक टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक की केबिन में आग लग गई। ट्रक के केबिन में चालक के फंसने से उसकी झुलसकर मौत हो गई। लोगों ने हादसे की सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची आग बुझाई।
फायर अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पौने तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। एक गाड़ी को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक केबिन में फंस गया था। जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। ट्राला चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी होगी। आग से ट्रक के साथ ट्राले का भी कुछ हिस्सा जल गया है।
----
अकेला था घर में कमाने वाला:
प्रदीप दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई विकास दिव्यांग है। पिता संतराम मजदूरी करते हैं। परिवार चलाने की जिम्मेदारी प्रदीप पर थी। प्रदीप की दो बहनों की अभी शादी नहीं हुई है।
---
ट्रक मालिक भी कार से साथ चल रहा था
गांव मुंडलाना सोनीपत निवासी रामगोपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोस्त प्रवीन कुमार के साथ गाड़ियां ले रखी हैं। ट्रक चालक प्रदीप कुमार नारनौल से बजरी लेकर गोहाना, सोनीपत जा रहा था। वह कार से ट्रक के पीछे चल रहा था। कारोली गांव के टोल के पास ट्रक खड़े ट्राले में टकरा गया। टक्कर से ट्रक की केबिन में आग लग गई। प्रदीप गाड़ी के केबिन में फंस गया, जिससे वह झुलस गया। राहगीरों की मदद से उसने आग बुझाने की कोशिश की। रामगोपाल ने आरोप लगाया कि ट्राला चालक की लापरवाही के कारण ही हादसा हुआ है।