फोटो 19 नांगल वैरियर पर ट्रांसफार्मर के लटकते तार।संवाद
मंडी अटेली। स्थानीय नांगल वैरियर पर लगा बिजली का ट्रांसफार्मर हर समय हादसे को न्योता दे रहा है लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। इससे नागरिकों में आक्रोश है।
बता दें कि नांगल वैरियर पर बिजली का ट्रांसफार्मर लगा है। इसकी केबल जमीन से कुछ ही ऊपर है जो बच्चे के पहुंच से भी दूर नहीं है। दुकानदार सुरेंद्र कुमार, अजीत सिंह, कालूराम, प्रवीण कुमार, राकेश, ओमप्रकाश, सुरेश कुमार, दलीप सिंह, राजाराम, नवीन कुमार, शंकर सिंह, रामभक्त आदि का कहना है कि जब यह ट्रांसफार्मर लगाया गया था, उस समय यहां पर आबादी नाम मात्र थी।
अब यहां से राजस्थान के बहरोड़ मार्ग पर लगते दर्जनों गांवों के यात्री खड़े होकर वाहन का इंतजार करते हैं। साथ में लावारिस पशुओं का भी काफी संख्या में आवागमन रहता है। ट्रांसफार्मर की केबल से नागरिकों में भय बना रहता है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में तो चिंगारियां भी निकलती रहती है लेकिन निगम के कर्मचारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बताया जाता है कि कई लावारिस पशु बिजली के ट्रांसफार्मर की केबल से संपर्क में आने के कारण घायल भी हो चुके हैं। नागरिकों ने निगम के अधिकारियों से मांग कि है की समय रहते इस ट्रांसफार्मर के चारों ओर व्यवस्था की जाएं ताकि कोई अनहोनी न हो। वहीं एसडीओ बिजली निगम मंडी अटेली दीपक कुमार का कहना है कि कहीं भी इस तरह की परेशानी है तो उसे दूर किया जाएगा।