धारूहेड़ा में लगा जाम। स्रोत : स्थानीय नागरिक
धारूहेड़ा। कस्बे में लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। प्रमुख बाजारों और मुख्य सड़कों पर रोजाना जाम लगना आम बात हो गई है जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण के चलते बाजार संकुचित हो गए हैं और वाहनों की आवाजाही मुश्किल होती जा रही है।
भगत सिंह चौक, जय मार्केट, शमशेर मार्केट, सोहना रोड, नंदरामपुर बास रोड सहित कई व्यस्त इलाकों में बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी वालों ने सड़कों पर कब्जा कर लिया है। इसके कारण सड़कें काफी संकरी हो गई हैं। दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर भारी सामान रख देने और वाहन मालिकों द्वारा सड़कों पर वाहन खड़े कर देने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
सुबह और शाम के समय यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जगह-जगह रेहड़ियां लगाकर सड़कों को अवरूद्ध कर दिया है। इससे पैदल चलने वालों को भी सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त और नियमित कार्रवाई की जाए। साथ ही नंदरामपुर बास रोड पर रेहड़ी-पटरी वालों के लिए निर्धारित स्थान तय किया जाए ताकि यातायात सुचारू हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।