फोटो 05: सोनीपत शहर में सफाई अभियान के दौरान सफाई कर्मचारी को पटका पहनाकर सम्मानित करते मेयर रा
सोनीपत। हर नागरिक स्वच्छता प्रहरी की भूमिका निभाएगा, तभी शहर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बन सकेगा। स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की कमान शहर की सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों को संभालनी पड़ेगी। यह बात मेयर राजीव जैन ने शनिवार को स्वच्छता अभियान के दौरान कही।
सफाई कार्य में कर्तव्य निष्ठा से कार्य करने वाले पश्चिमी जोन के सफाई कर्मचारी सोनिया व राजबीर को 1100 रुपये और पटका पहनाकर सम्मानित करने के बाद मेयर ने कहा कि स्वच्छता योद्धाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य यही है कि अन्य कर्मचारी भी अपनी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें और शहर को अपना शहर मानकर सफाई पर ध्यान दें।
सफाई अभियान महाराजा अग्रसेन चौक से सेक्टर-15 बाईपास व ककरोई चौक से सेक्टर-23 मोड़ तक चलाया गया। मेयर ने कहा कि रेहड़ी वाले दिनभर का कूड़ा सड़कों पर फेंककर चले जाते हैं। दुकानदार सफाई करने के बाद कूड़ा सड़क पर छोड़ देते हैं या नाले में डाल देते हैं। आम नागरिक गाड़ियों में कूड़ा डालने के बजाय चौक-चौराहों पर फेंक देते हैं। इससे सफाई अभियान को झटका लगता है।
उन्होंने कहा कि जल्द सभी संस्थाओं के साथ बैठक कर स्वच्छता मिशन में सहयोग करने की अपील की जाएगी। इस दौरान पार्षद सुरेंद्र मदान, मुकेश सैनी, मंडलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, हरिओम शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक साहब सिंह, सतेंद्र दहिया, सफाई निरीक्षक सुंदर मलिक मौजूद रहे।