नारनौल।
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा निजामपुर रोड पर चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्र पर सभी प्रकार की सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा वहां पर दाखिल मरीजों से हालचाल पूछा। नशा मुक्ति केंद्र में रहने और खाने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रकार की समस्या है तो नि:संकोच पुलिस के समक्ष रख सकते हैं। यहां के संचालक डॉ. आरएस रंगा को निर्देश दिए कि नशा मुक्ति केंद्र पर नशे के रोगियों को भर्ती करके उनका हिदायत के अनुसार इलाज किया जाए। इस मौके पर उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र के रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया। नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।