नारनौल। उपायुक्त अजय कुमार ने वीरवार को कैंप कार्यालय में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में कार्यरत टेकचंद को टोक्यो पैरालिंपिक के लिए क्वालीफाई करने पर सम्मानित किया। इस मौके पर टेकचंद की माता को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
डीसी ने टेकचंद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पदक जीतकर लाने की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी परसराम ने बताया कि टेकचंद पैरा ऐथलेटिक्स प्रशिक्षक ने भाला फेंक एफ 54 में क्वालीफाई किया है। उन्होंने बताया कि टेकचंद की खेल उपलब्धियां सराहनीय है। उनके द्वारा एशियन गेम्स 2018 इवेंट भाला फेंक में रजत पदक जीता था। इसके अलावा वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सात स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
संदीप के बाद बने दूसरे खिलाड़ी
सुरेती गांव के रहने वाले संदीप पूनिया भी ओलंपिक में वॉक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। टोक्यो जाने वाले टेकचंद जिले से अब दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस अवसर पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय से वालीबॉल प्रशिक्षक नरेश कुमार, आर्चरी प्रशिक्षक विनय कुमार, सहायक संजय कुमार व लिपिक तेजप्रकाश आदि उपस्थित रहे।