फोटो संख्या:68- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में टीनशैड के नीचे बैठे मरीज--संवाद
महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में जांच के लिए आने वाले मरीजों व तीमारदारों को अब खुले आसमान के नीचे खड़ा नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने लोगों की सुविधा को देखते हुए लैब के बाहर कुर्सियों के साथ टीनशेड और पंखों की व्यवस्था कर दी है। इस नई व्यवस्था से मरीजों को अब काफी राहत मिलेगी।
अब तक नागरिक अस्पताल की लैब के बाहर प्रतिदिन 100 से अधिक लोग खून, पेशाब आदि जांचों के लिए आते हैं। सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती थीं और लोगों को खुले आसमान के नीचे धूप, ठंड या बरसात का सामना करना पड़ता था। कई बार बुजुर्गों व महिलाओं को असुविधा होती थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अस्पताल प्रशासन को इस विषय पर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।
अस्पताल प्रबंधन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया और कार्रवाई करते हुए लैब के बाहर बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां लगवाईं। इसके साथ ही टीनशेड डालकर पंखों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे गर्मी के दिनों में भी मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बारिश और धूप दोनों से मरीज सुरक्षित रह सकेंगे।
लोगों ने अस्पताल प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। मरीजों कहा कि अब उन्हें जांच के इंतजार के दौरान खड़े होकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। खासकर बुजुर्ग और गंभीर रोगों से पीड़ित लोगों को इस व्यवस्था से सबसे अधिक राहत मिलेगी। अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
ऐसे में मरीजों की सुविधा के लिए बुनियादी इंतजाम करना आवश्यक था। यह पहल न केवल मरीजों की परेशानियों को कम करेगी बल्कि अस्पताल की छवि को भी और बेहतर बनाएगी। आने वाले समय में अस्पताल परिसर में और भी सुधार करने की योजना बनाई जा रही है ताकि मरीजों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।