संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। गांव बवाना में शनिवार की शाम आंधी के दौरान मकान की छत पर रखे टिन शेड उड़ गए। संयोग ही था कि टिन शेड की चपेट में कोई नहीं आया, अन्यथा बड़ी घटना हो जाती।
आंधी के दौरान टिन शेड उखड़ कर उड़ते हुए 100 मीटर दूर जाकर पेड़ों में उलझ गया। गनीमत यह रही कि टिन शेड किसी राहगीर के ऊपर नहीं गिरा, वरना बड़ी घटना हो जाती। वृद्धा चांदबाई ने बताया कि आंधी में उनके घर का टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार में कमाने वाला कोई नहीं है। अब उनके पशु झुलसाने वाली गर्मी में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। वहीं आंधी के दौरान कुछ स्थानों पर लगी सोलर प्लेट को भी नुकसान पहुंचा। विधायक कंवर सिंह ने आंधी के दौरान प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया है।