टिड्डी दल गांव पटीकरा से जाता हुआ।
- फोटो : Narnol
राजस्थान की ओर से आए टिड्डी दल का शनिवार को महेंद्रगढ़ जिले पर चौथी बार हमला हुआ। इससे पहले 26, 30 जून व दो जुलाई को भी जिले में टिड्डी दल हमला कर चुका है। चारों बार जिला प्रशासन व किसानों की सजगता से टिड्डी दल जिले में रुक नहीं पाया। शाम तक यह दल राजस्थान के झुंझुनू की तरफ चला गया। उपायुक्त आरके सिंह शनिवार को कृषि विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में दिशा निर्देश देते रहे।
कृषि उपनिदेशक डॉ. जसविंदर सिंह सैनी ने बताया कि टिड्डी दल का एक समूह राजस्थान की ओर से जाखनी साइड से होते हुए राजस्थान में प्रवेश कर गया। दूसरा दल कांटी गांव, पटीकरा व मीरपुर होते राजस्थान निकल गया। इस संबंध में कृषि विभाग के अधिकारियों ने राजस्थान के अधिकारियों को सूचित कर दिया था ताकि रात होने के बाद वहां पर राजस्थान कृषि विभाग के अधिकारी उन पर दवाई का छिड़काव करके उन्हें वहीं पर नष्ट कर सके। लोगों ने ठोल, थाली, डीजे और पटाखे बजाकर टिड्डियों को भगाया।