फोटो नंबर- 20नई अनाज मंडी में बना टीन शेड, जिसमें रखे जा सकते हैं 50 हजार बैग। संवाद
नारनौल। जिले में बाजरा की सरकारी खरीद शुरू होने में अब केवल तीन दिन बाकी हैं लेकिन खरीद से जुड़े कई जरूरी निर्देश अभी तक जारी नहीं हुए हैं। इससे किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हाल ही में जिले की पांच मंडियों में बाजरा खरीद के निर्देश दिए गए थे लेकिन किस मंडी में कौन सी एजेंसी खरीद करेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
बाजरे की नमी और गुणवत्ता के मापदंड भी तय नहीं किए गए हैं। ई-खरीद पोर्टल पर किन गांवों का डाटा अपडेट हुआ है और किन गांवों का बाकी है, इसकी भी जानकारी किसानों को नहीं मिली है।
पिछले साल टहला, मारोली और नारनौल के किसानों को करीब एक सप्ताह तक गेटपास नहीं मिले थे। इससे किसानों का बाजरा मंडियों में पड़ा रहा और उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। किसानों ने मांग की है कि जिन गांवों का डाटा समय पर अपडेट न हो, उनकी जानकारी पहले ही सार्वजनिक की जाए।