नारनौल। नकली सोने की पातड़ी के बदले नकदी लेकर ठगी करने के मामले में पुलिस की इकोनॉमिक सेल टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ में पुलिस ने तीन लाख 90 हजार की नकदी बरामद की है। जून में आरोपियों ने जितेंद्र कुमार निवासी नांगल चौधरी के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसकी नांगल चौधरी में नंबरदार ज्वेलर्स के नाम से दुकान है।
इस मामले का खुलासा करते हुए एएसपी प्रबिना पी ने बताया कि इकोनॉमिक सेल की टीम ने ठगी करने के मामले में आरोपी सुखबीर उर्फ पप्पू व बिमला निवासी उदलवाड़ा थाना सिकंदरपुरा जिला दौसा राजस्थान और सुकी उर्फ सेटिया निवासी मनोहरपुरा जिला जयपुर ग्रामीण राजस्थान को गिरफ्तार किया है। उक्त लोगों ने नांगल चौधरी में एक सुनार से सात लाख रुपये की ठगी की थी। मामले में पुलिस ने आरोपियों से तीन लाख 90 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने पूछताछ में पता लगाया कि अगस्त में आरोपियों ने बरडोद बहरोड़ में भी भैंस के व्यापारी बनकर सुनार के साथ 12 लाख रुपये की ठगी करने की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों से मामले की पूछताछ कर न्यायालय में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ऐसे की थी ठगी
आरोपी भैंस के व्यापारी बनकर सुनार के पास गए और कहा कि हमारे पास पैसे कम पड़ रहे हैं, हमारी सोने की पातड़ी रख लो और पैसे उधार दे दो। वहीं पैसे एक माह के ब्याज सहित 3-4 दिन में पैसे लौटाने की बात कही। उक्त लोगों ने शिकायतकर्ता के साथ 4-5 बार ऐसा किया। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी उसको 12 सोने की नकली पातड़ी देकर सात लाख रुपये नकदी ले गए। शिकायत के आधार पर नांगल चौधरी थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए इकोनॉमिक सेल की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।