नारनौल। नगर परिषद की चेयरपर्सन भारती सैनी के पति संजय सैनी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज पार्षदों, सामाजिक संगठनों व व्यापारियों समेत अन्य एसपी आवास तक प्रदर्शन किया। इस मामले में एसपी ने जांच अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद भी संजय को फोन किया।
सैनी सभा प्रांगण में शनिवार की सुबह सैनी सभा के प्रधान भगवानदास सैनी की अध्यक्षता में सामाजिक संगठनों के लोग एकत्रित हुए। जहां पर संजय सैनी ने सभी के सामने पूरे मामले को रखा। संजय ने पूरी वारदात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसमें पुलिस ने सही तरीके से काम नहीं किया। उन पर ही मामले को रफादफा करने के लिए दबाव बनाया गया। दूसरी ओर रेस्ट हाउस में हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान बजरंग लाल अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारिक संगठनों के लोग व नगर पार्षद एकत्रित हुए। सभा व रेस्ट हाउस से अलग-अलग जत्थों में रोष प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए सभी महावीर चौक पहुंचे। जहां से जिला व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग लाल अग्रवाल व सैनी सभा के प्रधान भगवानदास सैनी के नेतृत्व में लोग नारेबाजी करते हुए एसपी निवास पर पहुंचे।
एसपी निवास पर पहुंचे प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात की। चेयरपर्सन भारती सैनी ने एसपी को बताया कि 31 मार्च की रात तीन बजे भूपेंद्र पहलवान और उसके साथ एक युवक ने उनके घर कर डोर बेल बजाई। भारती सैनी ने एसपी को बताया कि किस प्रकार भूपेंद्र पहलवान ने झूठ बोलकर एक साजिश के तहत पति संजय सैनी को रात के समय ही घर से बाहर बुलाने का प्रयास किया। सैनी के अनुसार भूपेंद्र पहलवान ने यह भी कहा कि उनके दोस्त की भांजी सैनी के एक लड़के के साथ चली गई थी, लड़के को थाने में बैठा रखा है। इसलिए संजय सैनी को थाने ले जाने के लिए आए है। भारती सैनी ने एसपी को बताया कि उनकी हरकत अजीब होने के कारण मना कर दिया।
वहीं संजय सैनी ने बताया कि इसके बाद दोपहर करीब पौने दो बजे मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। आरोपी भूपेंद्र पहलवान ने गालियां दीं और बोला कि रात को तेरे घरवालों ने बचा लिया लेकिन कब तक बचेगा। बजरंग लाल अग्रवाल व अन्य लोगों ने एसपी को बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी और उसके साथ अन्य युवक की फोटो स्पष्ट आने के बाद भी आरोपी फेसबुक पर पीड़ितों पर ही आरोप लगा रहा है। इससे आम जनता में भय का वातावरण बन गया है। एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि यदि पुलिस गिरफ्तारी के बाद भी थाने से आरोपी ने कॉल किया है तो इस मामले में दोषी कर्मचारी पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी को अन्य धाराओं में शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मौके पर एसएचओ को बुलाकर इस मामले में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस मौके पर गोबिंद भारद्वाज, अशोक सैनी, बेगराज गोयल, श्रीकृष्ण अग्रवाल, धर्मवीर यादव, रामबाबू अग्रवाल, नरेश गोगिया, धर्मेंद्र, किशन चौधरी, रतनलाल, संजय गर्ग, लालाराम, बिरदीचंद गोठवाल, शिवनारायण,अशोक चौधरी, अनिल शर्मा, संजय, नरसिंह दायमा, महेंद्र गौड़, सरदार बलदेव सिंह चहल, संजीव यादव, पार्षद कपिल यादव, पार्षद कृष्ण यादव, पार्षद टेकचंद दायमा, पार्षद सरला यादव, पार्षद कविता यादव, पार्षद सचिन बंसल, पार्ष्द कोमल दायमा,पार्षद मोहनलाल शर्मा सहित पार्षदों के अलावा शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग उपस्थित थे।
------
एसपी ने जांच अधिकारी को किया सस्पेंड
संजय सैनी को धमकी मामले में शनिवार को किए गए प्रदर्शन के बाद एसपी ने इस मामले की जांच अधिकारी शकीला को सस्पेंड कर दिया है। पीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि दोपहर बाद एसपी चंद्रमोहन ने हेड कांस्टेबल शकीला को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए थे। संजय सैनी ने आरोप लगाया था कि आरोपी को पुलिस ने खानापूर्ति जमानती धाराओं में गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी भूपेंद्र पहलवान ने थाने से ही अनजान नंबरों से उसे करीब 20 से 25 बार फोन कर धमकी दी। साथ ही दो महिला कर्मी उनके घर आकर मामले को समझौता करने की बात की। इस मामले में आरोपी भूपेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उसे जमानत मिल गई। दूसरा आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है। भूपेंद्र पुलिसकर्मी का बेटा है।