आईटीआई में होने वाला गणतंत्र दिवस समारोह इस बार पुलिस लाइन नारनौल में होगा। जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। समारोह के लिए अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को पुलिस लाइन नारनौल में ही होगी। अंतिम रिहर्सल के दौरान उपायुक्त अजय कुमार तिरंगा फहराएंगे तथा परेड निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। हर बार की तरह इस बार भी ठीक 9:58 पर मुख्य अतिथि का आगमन समारोह स्थल पर होगा और ठीक 10 बजे तिरंगा फहराएंगे।
इस कार्यक्रम के लिए गत दिवस उपायुक्त अजय कुमार तथा पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने भी पुलिस लाइन का जायजा लिया तथा वहीं पर यह कार्यक्रम करवाने का अंतिम निर्णय लिया गया। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस लाइन को पूरी तरह से सजाया जा रहा है। कोविड-19 संक्रमण के चलते इस कार्यक्रम में सरकार की सभी गाइड लाइन की अनुपालना की जाएगी। आज सभी परेड व मार्च पास्ट के लिए रिहर्सल कार्यक्रम में पुलिस लाइन में ही किया गया है।
यह टुकड़ियां होंगी परेड में शामिल
पुलिस लाइन में होने वाले जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में कुल 7 टुकड़ियां शामिल होंगी। इनमें जिला पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनसीसी गर्ल्स, स्काउट व गाइड प्लाटून की टुकड़ी शामिल हैं।