मंडी अटेली। गांव चंदपुरा में शुक्रवार रात्रि को दो दुकानों से नकदी व सामान चुराने की वारदात सामने आई है। वहीं गांव में भी दो घरों के ताले टूटे मिले हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अटेली पुलिस ने जांच पड़ताल कर पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। चोरी की वारदात दुकानों में सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। 15 दिन पहले गांव बजाड़ में भी 3 घरों में भी चोरी हो गई थी। इसमें भी पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं क्षेत्र में बढ़ती चोरी घटनाओं को लेकर आमजन में रोष व्याप्त है।
गांव गणियार निवासी चेतन शर्मा ने बताया कि चंदपुरा में उसने किराये पर दुकान ली हुई है। शुक्रवार रात्रि उसकी दुकान का ताला तोड़ कर दुकान का सामान चुरा लिया। इसके अलावा नकदी भी चुरा ली गई। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें अज्ञात चोरी की वारदात को अंजाम देेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं अन्य दुकानदार धनपत के जनरल स्टोर की दुकान में भी चोरी हो गई। उसकी दुकान में भी नकदी के अलावा सामान चुरा लिया गया। चंदपुरा स्टैंड पर दो दुकानों में चोरी के अलावा गांव में दो घरों के ताले टूटने की समाचार मिले है, लेकिन उक्त घरों में कोई सामान या नकदी नहीं चुराई गई। इस मामले में दोनों दुकानदारों ने पुलिस में शिकायत देकर चोरों का सुराग लगाकर सामान व नकदी बरादम करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।