नारनौल। जिले में अभी कोरोना ने दस्तक नहीं दी है, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत है। जिले में सुविधाओं में भी इजाफा हुआ है।
अभी नारनौल के नागरिक अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच शुरू नहीं हुई है, लेकिन जल्द जांच शुरू होने की संभावना है। अगर कोरोना के मरीजों में इजाफा होता है तो ऑक्सीजन की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बता दें कि जिले में पहली और दूसरी लहर में ऑक्सीजन की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा था।
उस समय ऑक्सीजन सिलिंडर लोगों को नहीं मिल रहे थे, लेकिन अब नागरिक अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट से 500 लीटर प्रति मिनट उत्पादन करने की क्षमता है। वहीं आईसीयू वार्ड भी हैं। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में करीब 88 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर हैं। नागरिक अस्पताल में 5 लीटर और 10 लीटर की क्षमता वाले ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर उपलब्ध हैं। ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर की देखभाल के लिए नियमित रूप से कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।
वर्जन:
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। बस सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
-डॉ. अशोक कुमार, सिविल सर्जन, नारनौल।