फोटो नंबर 3आईटीआई में गीता महोत्सव को लेकर चल रही तैयारीयां। स्रोत: डीआईपीआरओ
नारनौल। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का जिलास्तरीय समारोह इस बार खास होगा। आईटीआई नारनौल में 9 से 11 दिसंबर तक अध्यात्म, कला और सेवाओं का संगम रहेगा। सोमवार को कार्य दिवस के पहले दिन से ही नारनौल आईटीआई में सरकारी विभाग डेस्क स्थापित करके नागरिकों को सरकारी सेवाओं व योजनाओं का लाभ देंगे।
जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि लोगों को मौके पर ही सेवाओं व योजनाओं का लाभ दिया जाए। इस मौके पर एनआईसी व डीआईटीएस की तरफ से कॉमन सर्विस सेंटर पर मिलने वाली सभी सेवाएं दी जाएंगी। आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र सहित तमाम प्रकार की सीएससी पर मिलने वाली सेवाएं स्टॉल पर रहेंगी। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए डेस्क लगाया जाएगा। पात्र नागरिकों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा परिवार कल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।
आयुर्वेद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समारोह में आयुष विभाग की तरफ से नागरिकों का प्रकृति परीक्षण किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बताया कि मानव से जुड़ी बीमारियों को अब आयुर्वेद से दूर करने के लिए आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा प्रदेश में प्रकृति परीक्षण अभियान चलाया गया है। यह अभियान 25 दिसंबर तक चलेगा।