फोटो 11अपनी समस्या बताते कॉलोनी के लोग। संवाद
मंडी अटेली। कनीना रोड स्थित श्याम कुंज कॉलोनी के लोग पिछले एक महीने से गंभीर पेयजल संकट झेल रहे हैं। कॉलोनी में नलों से दूषित, झागदार और तेज बदबू वाला पानी आ रहा है। इससे लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित है। नागरिकों का कहना है कि पानी पीना तो दूर, नहाने और दूसरे घरेलू कामों में इस्तेमाल करना भी मुश्किल हो गया है।
बरसात के मौसम में दूषित पानी से उल्टी-दस्त, टाइफाइड और पीलिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन अब तक केवल आश्वासन मिले हैं।
इससे कॉलोनीवासियों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वर्जन:
मामला विभाग के संज्ञान में है। पाइप लाइन में लीकेज या अन्य तकनीकी दिक्कत के कारण समस्या आई है। इसी सप्ताह समस्या का पूरी तरह समाधान कर स्वच्छ पेयजल सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी।
-दीपक कुमार, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग