फोटो संख्या:53- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में ओपीड़ी के बाहर लगी मरीजों की लंबी लाइन--संवाद
महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल में वर्षों से अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं है। अस्पताल में प्रतिमाह एक हजार से अधिक पथरी, पेट दर्द व गर्भवतियों को निजी लैब से अल्ट्रासाउंड की जांच करवानी पड़ रही है। शहर व ग्रामीण क्षेत्र के 100 से अधिक गांवों की करीब पांच लाख की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का जिम्मा उठाने वाले नागरिक अस्पताल के पास अल्ट्रासाउंड मशीन तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में नागरिक अस्पताल में आने वाले रोगियों को जिम्मेदार भी पर्ची बनाकर थमा देते हैं। हर माह औसतन एक हजार लोगों पर अल्ट्रासाउंड के रूप में 15 लाख रुपये का अतिरिक्त भार भी पड़ रहा है। यह हाल केवल महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल का नहीं बल्कि सतनाली, कनीना, सेहलंग, नांगल सिरोही सहित का भी है। नारनौल क्षेत्र में भी केवल नागरिक अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा है।
300 से 1000 रुपये देना पड़ रहा चार्ज
शहर के नागरिक अस्पताल में लंबे समय से अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरीवश निजी सेंटर का सहारा लेना पड़ रहा है। जहां अल्ट्रासाउंड के लिए 300 से 1000 रुपये चार्ज देना पड़ रहा है। ऐसा नहीं की क्षेत्र के लोगों ने यह मांग न उठाई हो लगातार सामाजिक संगठनों के लोग नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन सरकार व जिम्मेदार लोगों की इस मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिम्मेदार भी अस्पताल में आने वाले रोगियों को अल्ट्रासाउंड की पर्ची बनाकर हाथ में थमाने के अलावा कोई प्रयास नहीं कर रहे हैं। प्रतिदिन 20 से 30 मरीज पत्थरी, पेट दर्द, गर्भवती पहुंचती है जिन्हें अल्ट्रासाउंड की आवश्यकता होती है। नागरिक अस्पताल पर क्षेत्र के 103 गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की जिम्मेदारी है।
नागरिक अस्पताल का नया भवन निर्माणाधीन है। यह भवन अत्याधुनिक तकनीक को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। समय-समय पर इसका निरीक्षण भी किया जा रहा है। नए भवन में अल्ट्रासाउंड सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
रमेशचंद आर्य, सीएमओ, नारनौल
फोटो संख्या:53- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में ओपीड़ी के बाहर लगी मरीजों की लंबी लाइन--संवाद