चोरों द्वारा कमरे में बिखेरा गया सामान।
- फोटो : Narnol
गांव तिगरा में करीब एक महीने से बंद एक पुलिस कर्मचारी के मकान में सेंधमारी करके चोरों ने हजारों रुपये के जेवरात व घरेलू सामान को लेकर रफूचक्कर हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। पीड़ित पुलिस कर्मचारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव तिगरा निवासी भारत कुमार चंडीगढ़ पुलिस में हवलदार के पद पर कार्यरत है। वह अपने परिवार के साथ पिछले एक महीने गांव तिगरा से चंडीगढ़ गया था तभी से वे वहीं रह रहे थे। सोमवार को पड़ोसियों ने मकानों के ताला टूटे होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर जब भारत कुमार घर पहुंचा तो उसके दो मकानों के ताले टूटे हुए थे। कमरों के अंदर रखी अलमारी व संदूक का सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी व संदूक से कीमती कपड़ों, सोने चांदी के जेवरात तथा रसोई से गैस सिलेंडर चोरी कर ले गये। चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को नहीं तोड़ा। जिससे की चोरी की घटना का पता नहीं लग पाया था परंतु आसपास के लोगों द्वारा जब दरवाजे से अंदर की ओर नजर डाली तो कमरों के ताले टूटे हुए थे। दरवाजे खुले पड़े थे। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना भारत कुमार को दूरभाष के माध्यम से दी जिन्होंने मौके पर आकर इसकी सूचना पुलिस थाने में दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरी का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।