हार्डवेयर व्यापारी से छह लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांधी काॅलोनी निवासी विनीत के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को शहर नारनौल क्षेत्र से गिरफ्तार किया और पूछताछ में उससे करीब 1 लाख रुपए और वारदात में प्रयोग डंडा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज चुकी है।
पूछताछ में पता चला है कि आरोपी शिकायतकर्ता के सामने वाली दुकान पर काम करता था और शाम के समय शिकायतकर्ता को बैग में राशि डालकर ले जाते हुए देखता था। धन कमाने के लालच से आरोपी ने उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई और लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुरानी मंडी निवासी अशोक ने 28 मई को रुपए लूटने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने थाना शहर नारनौल पुलिस और सीआईए नारनौल की टीमों को महत्वपूर्ण साक्ष्यों का आंकलन कर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर नारनौल और सीआईए नारनौल की पुलिस टीम ने नारनौल के रहने वाले दो नाबालिग बच्चों को अभिरक्षा में लिया था। इनसे वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी, एक डंडा और करीब चार लाख की नकदी बरामद की थी। दोनों नाबालिगों को न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया था।