महेंद्रगढ़। गांव राठीवास निवासी रमाकांत ने संदिग्ध परिस्थितियों में गांव में ही फंदा लगाकर जान दे दी। रमाकांत के पिता रोहताश शर्मा की शिकायत पर दो महिला सहित कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर उनके बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
रोहताश ने बताया कि उसका बेटा शादीशुदा था व उसको एक बेटा था। 28 फरवरी को गांव महेशरा राजस्थान निवासी पूनम, गौतम और दीपक ने उसके बेटे रमाकांत के साथ हाथा-पाई की और उसकी पत्नी सोनम को अपने साथ ले गए और जाते समय रमाकांत को डरा धमका कर गए।
इसके बाद 30 दिसंबर को पूनम, दीपक और सोनम गांव आए व तीनों ने मिलकर रमाकांत के साथ मारपीट की ओर गहने, रुपये व उसके बेटे को भी साथ ले गए और जाते समय जान से मारने की धमकी दे गए।
इसके बाद मेरा बेटा डर गया व उसने जान दे दी। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोनम, पूनम, गौतम व दीपक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी सोनम मृतक रमाकांत की पत्नी है, साली पूनम व गौतम साला है व दीपक गांव महेसरा का है। रमाकांत के एक बेटा है। लंबे समय से परिवार में आपसी विवाद चल रहा था।
वर्जन
गांव राठीवास निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर चार नामजदों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। -रमेश कुमार, सदर थाना प्रभारी महेंद्रगढ़