फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahendragarh-Narnaul News: लूट के लिए खिलौने वाली बंदूक से कर्मी को था डराया

Fri, 11 Aug 2023 12:19 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़/नारनौल
विज्ञापन
विज्ञापन
नारनौल इम्प्लाइज काॅलोनी में 29 जुलाई को मेगा मार्ट कर्मी से 8 लाख 70 हजार रुपये की लूट के मामले में आरोपियों ने जिस बंदूक को दिखाकर कर्मी को डराया था, वह खेलने वाली बंदूक थी। यही नहीं वारदात में लूटी गई 8 लाख 70 हजार रुपये की राशि में से 70 प्रतिशत हिस्सा लूट को अंजाम देने वाले चार आरोपियों प्रवीण उर्फ पीके, सोमबीर उर्फ सिकंदर, संदीप उर्फ डॉक्टर और शुभम वासी भैरू का वास के अलावा मुखबीर मेगा मार्ट कर्मी विनोद उर्फ मुसिया निवासी शहरपुर में बंटनी थी जबकि बाकी 30 प्रतिशत राशि अन्य 9 आरोपियों में बांटी जानी थी।
विज्ञापन

पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों के पास से 8 लाख 25 हजार 500 रुपये की राशि व वारदात में प्रयोग किए गए खेलनुमा हथियार, एक मोबाइल को बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी, रेवाड़ी से आगरा, आगरा से ऋषिकेश और ऋषिकेश से देहरादून भाग गए थे, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दिल्ली, आगरा, रेवाड़ी, राजस्थान के जिलों, चरखीदादरी, भिवानी में दबिश दी थी। यही नहीं पकड़े गए अधिकतर आरोपी अपने परिवारों को कोचिंग व नौकरी की बात कहकर नारनौल में रह रहे थे। पुलिस ने वारदात को इम्प्लाइज काॅलोनी में लगे सीसीटीवी के जरिये सुलझाया है। सीसीटीवी में ही एक आरोपी द्वारा वारदात से पहले रैकी करने के दौरान प्रयोग की गई बाइक का नंबर पुलिस को पता लगा, जिसके जरिये पुलिस मालिक तक पहुंची और उसके बाद वारदात में आरोपियों के नाम सामने आने लगे।
एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि इस मामले में स्मार्ट मेगा मार्ट का कर्मचारी विनोद उर्फ मुसिया नवासी शहरपुर और संदीप उर्फ डॉक्टर वासी शहरपुर मुख्य आरोपी हैं। विनोद उर्फ मुसिया पिछले डेढ़ साल से मेगा मार्ट में काम कर रहा थ। वहीं आरोपी पिछले दिनों से रैकी कर रहे थे और ज्यादा नकदी के आदान प्रदान का इंतजार कर रहे थे। 29 जून को सभी आरोपियों ने इकट्ठे होकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी और स्मार्ट मेगा मार्ट के कर्मचारी विनोद उर्फ मुसिया ने नकदी की सूचना दी थी। इसके बाद आरोपी प्रवीण उर्फ पीके, सोमबीर उर्फ सिकंदर, संदीप उर्फ डॉक्टर और शुभम वासी भैरू का वास ने नकदी छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी संदीप उर्फ डॉक्टर ने हथियार (खिलौना नुमा) दिखाया था और शुभम् ने बैग छीना था।
विज्ञापन

इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें छाबड़ा सलीमपुर निवासी सुनील, आजाद और हर्ष उर्फ पांडे को 30 जुलाई को गिरफ्तार किया गया, जो वारदात को अंजाम देने को योजना बनाने में शामिल थे। पुलिस ने आरोपी सुनील से बाइक बरामद की, जिससे रेकी की गई थी। इसके बद 31 जुलाई को आरोपी प्रवीण निवासी बाछौद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने मालवीय नगर नारनौल में कमरे बनाए हुए हैं और किराए पर दे रखे हैं, जहां पर आरोपी संदीप उर्फ डॉक्टर ने कमरा किराए पर ले रखा था। वहीं पर बैठकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। 31 जुलाई को ही पुलिस ने आरोपी युवराज निवासी सलूनी, विनोद उर्फ मुसिया निवासी शहरपुर और शुभम् वासी भैरू का वास को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी युवराज से वारदात में प्रयोग की बाइक बरामद की है।
इसके बाद एक जुलाई को पुलिस ने आरोपी कुलदीप निवासी नांगलिया और कृष्ण निवासी कुतबापुर को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने में शामिल थे। थाना शहर नारनौल, सीआईए नारनौल और साइबर सेल की टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीमों ने जांच में पता लगाया कि आरोपित महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी, रेवाड़ी से आगरा, आगरा से ऋषिकेश और ऋषिकेश से देहरादून भाग गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें