अटेली/कनीना। अटेली क्षेत्र के कई गांवों के सरपंचों द्वारा विशेष समुदाय के खिलाफ विवादित प्रस्ताव पारित करने के बाद से ही प्रशासन की नींद उड़ी हुई है। वीरवार को इस मामले में जिला उपायुक्त मोनिका गुप्ता व पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने अटेली व कनीना में सरपंचों के साथ बैठक भी की।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता आईएएस ने वीरवार को अटेली व कनीना में सरपंचों के साथ जिला में सौहार्द व भाईचारा बनाए रखने व सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की गलत पोस्ट न डालने के संबंध में बैठक की। इस मौके पर एसपी विक्रांत भूषण भी मौजूद रहे। डीसी मोनिका गुप्ता ने कहा कि हम सबका नैतिक दायित्व है कि सभी से मिलजुल कर सौहार्द व भाईचारा बनाकर रखें। उन्होंने कहा कि अगर कोई गलत कार्य करता है या किसी को उकसाने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना प्रशासन को दें आप अपने हाथ में कानून लेने की कोशिश ना करें। उन्होंने कहा कि अगर कोई सोशल मीडिया पर भी गलत पोस्ट डालता है तो भी उसके बारे में जानकारी प्रशासन को दें उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सरपंचों से आह्वान किया कि वह अपने गांव में लोगों व अपने परिवार के बच्चे व युवाओं को सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट ना डालने के बारे में प्रेरित करें। इस मौके पर एसपी विक्रांत भूषण ने कहा कि अगर कोई भी किसी जाति, धर्म व संप्रदाय के खिलाफ सोशल मीडिया पर कोई गलत पोस्ट डालता है या किसी प्रकार की उकसाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।