नारनौल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बॉयज की एक महिला अनुदेशिका ने वीडियो वायरल कर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए महिला थाना पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में वीडियो की जांच कर इसे तैयार करने और वायरल करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना वाले दिन उन्होंने कथित अनुशासनहीनता के कारण एक छात्र को कक्षा से बाहर किया था। आरोप है कि इसके कुछ घंटे बाद आईटीआई के किसी छात्र अथवा अन्य व्यक्ति ने विद्यार्थियों की भीड़ का वीडियो बनाकर उसमें कथित तौर पर एआई से तैयार आवाज जोड़ी और उसे वायरल कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में एक महिला और पुरुष शिक्षक को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गई हैं तथा इसे छात्र को कक्षा से बाहर किए जाने की घटना से जोड़ने का प्रयास किया गया, जबकि अनुदेशिका ने ऐसी किसी घटना से इन्कार किया है।
महिला अनुदेशिका ने शिकायत में कहा कि कथित वीडियो से उनकी सामाजिक एवं पेशेवर प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्होंने वीडियो वायरल करने वाली कथित आईडी की जानकारी भी पुलिस को देने की बात कही है। घटना के दिन डायल-112 को सूचना देने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।