महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ में शादियों का सीजन शुरू होते ही सराफा बाजार में खूब रौनक देखने को मिल रही है। लगातार बढ़ती महंगाई के बावजूद लोगों की खरीदारी में कोई खास कमी नजर नहीं आ रही है।
खास बात यह है कि ग्राहकों की पसंद में बदलाव आया है और अब भारी-भरकम गहनों की जगह कम वजन व आकर्षक डिजाइन वाले आभूषणों की मांग अधिक बढ़ गई है। इससे सर्राफा कारोबारियों में भी उत्साह का माहौल बना हुआ है।
सराफा व्यापारी रोहतास कुमार सोनी, ईश्वर सोनी, सोनू सोनी, जितेंद्र, नवीन कुमार ने बताया कि सीजन में मंगलसूत्र, पांजेब, चूड़ियां, अंगूठियां, कानों के झुमके व हार सेट की बिक्री सबसे ज्यादा हो रही है।
खासकर दुल्हनों के लिए हल्के वजन के हार सेट व आधुनिक डिजाइन के झुमके पहली पसंद बने हुए हैं। इसके साथ ही पारंपरिक डिजाइनों में भी नए प्रयोग किए जा रहे हैं जिससे ग्राहक कम बजट में भी सुंदर व आकर्षक गहने खरीद पा रहे हैं।
बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो जाती है जो देर शाम तक बनी रहती है। उन्होंने बताया कि शादियों की तिथियां नजदीक आने के कारण लोग एडवांस में गहनों की बुकिंग भी करा रहे हैं ताकि समय पर मनपसंद डिजाइन मिल सके।
सोने के साथ-साथ चांदी के गहनों की मांग भी बढ़ी है, विशेषकर पांजेब व चांदी की चूड़ियों को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है। महंगाई के चलते ग्राहक अब सोच-समझकर खरीदारी कर रहे हैं लेकिन शादी जैसे शुभ अवसर पर वे गहनों से समझौता नहीं करना चाहते।
यही कारण है कि कम वजन के गहनों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए नए-नए डिजाइनों का स्टॉक पहले से ही तैयार कर लिया है। आने वाले दिनों में शादियों की संख्या बढ़ने के साथ ही सराफा बाजार में कारोबार और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।