फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahendragarh-Narnaul News: महावीर चौक पर एक महीने में ही बंद हो गई ट्रैफिक लाइट

Mon, 23 Mar 2026 12:21 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़/नारनौल
विज्ञापन
विज्ञापन
नारनौल। शहर के प्रमुख और व्यस्त महावीर चौक पर नगर परिषद की तरफ से करीब 28 लाख रुपये की लागत से लगाई गई ट्रैफिक लाइट चार दिनों से बंद पड़ी है। एक माह पहले लगाई गई ट्रैफिक लाइट बंद होने से यातायात व्यवस्था एक बार फिर अव्यवस्थित हो गई है। लाइट बंद रहने के कारण चौक पर वाहन बेतरतीब तरीके से गुजर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
विज्ञापन


ट्रैफिक लाइट बंद रहने का मामला अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से लगाई गई यह लाइट मुश्किल से एक महीने ही सुचारु रूप से चल पाई और फिर बंद हो गई। उल्लेखनीय है कि करीब दस वर्ष पहले भी इसी चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाई गई थी जो कुछ समय बाद खराब होकर निष्क्रिय हो गई थी।
जब इस मामले की पड़ताल की तो पता चला कि ट्रैफिक लाइट तकनीकी रूप से ठीक है लेकिन इसे बंद करवाया गया है। इस संबंध में नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस ने ही लाइट बंद करवाई है।
विज्ञापन

सवाल यह उठ रहा है कि जब पहले ट्रैफिक पुलिस को सर्दी, गर्मी और बारिश में चौक पर खड़े होकर यातायात नियंत्रित करना पड़ता था, तो अब लाइट बंद करवाने की आवश्यकता क्यों पड़ी।
ट्रैफिक लाइट बंद होने के मुद्दे पर ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आ रहे हैं। फिलहाल, लाइट बंद होने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इससे आम नागरिकों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
वर्जन:
नगर परिषद द्वारा महावीर चौक पर जो ट्रैफिक लाइट लगवाई गई है वे बिल्कुल ठीक है। इस बारे में जेई से मैंने पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि चौक पर लगी ट्रैफिक लाइट को ट्रैफिक पुलिस द्वारा ही बंद करवाया गया है। इसे बंद क्यों करवाया इसका कारण वही बता सकते हैं।-कमलेश सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद, नारनौल।
विज्ञापन

वर्जन:
महावीर चौक की ट्रैफिक लाइट के बारे में हमें नहीं पता। हमारे द्वारा ट्रैफिक लाइट बंद नहीं करवाई गई।
नरेश कुमार। यातायात प्रभारी, नारनौल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें