महेंद्रगढ़। दो थानों से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित सिनेमा रोड पर महज दस सेकेंड में दो चोरों ने आईटीबीपी जवान के बैग से साढ़े चार लाख रुपये चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित सुनील कुमार निवासी गांव भुरजट ने बताया कि वह आईटीबीपी के जवान हैं। 15 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। बुधवार को मकान बनाने के लिए महेंद्रगढ़ स्थित एसबीआई की सिनेमा रोड शाखा से पर्सनल लोन के तहत साढ़े चार लाख रुपये खाते से निकाले।
पैसे निकालने के बाद वह नजदीक की एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर सामान लेने पहुंचे। दुकान में खरीदारी करते समय उन्होंने रुपये से भरा बैग टेबल पर रख दिया। खरीदारी पूरी होने के बाद बैग लेकर वह घर चले गए।
घर पहुंचते ही उनके होश तब उड़ गए जब बैग से नकदी गायब मिली। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो सामने आया कि एक युवक बैंक से लेकर दुकान तक सुनील कुमार का पीछा कर रहा था।
मौके का फायदा उठाकर उसने बैग से रुपये निकाल लिए और अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया। यह पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
इस घटना ने न केवल पीड़ित को गहरा झटका दिया है बल्कि महेंद्रगढ़ शहरवासियों को भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता में डाल दिया है। क्योंकि यह चोरी थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई है। मामले में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं और पीड़ित चोरों को जल्द पकड़ने की गुहार लगा रहा है।