फोटो नंबर-17अवैध रूप से पत्थर ढोते पकड़ा गया डंपर। स्रोत-प्रशासन
- फोटो : संवाद
नारनौल। खनन विभाग की पंचकूला मुख्यालय से आई उच्च अधिकारियों की टीम ने खनिज के अवैध खनन व उसके अवैध परिवहन को लेकर तीसरे दिन भी छापामार कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान खनन का अवैध रूप से परिवहन करने पर एक डंपर को पकड़कर जुर्माना राशि वसूली गई।
खनन विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग के दिशा-निर्देशन में गठित संयुक्त टीम में राज्य भू-वैज्ञानिक दीपक हुड्डा, राजेश गांगवान सहायक खनन अभियंता, ओमदत्त शर्मा खनन अधिकारी, अरुण कुमार खनन निरीक्षक व मोहित सर्वेयर ने रातभर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध रूप से पत्थर ढो रहे एक डंपर को पकड़ा। यह डंपर राजस्थान से अवैध तरीके से पत्थर ला रहा था। अधिकारियों की टीम ने रविवार को भी दिन भर इस मामले में कार्रवाई करते हुए लगभग 4.22 लाख रुपये वसूल करके सरकारी खजाने में जमा करवाए। रकम जमा होने के बाद संबंधित डंपर को छोड़ दिया गया। उन्होंने सभी क्रेशर संचालकों को भी चेतावनी दी है कि अगर वे अवैध पत्थर की पिसाई करते मिलेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में टीम लगातार छापेमार कार्रवाई जारी रखेगी। जिले में अवैध खनन व परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खनिज की रखवाली करना जिला प्रशासन के साथ-साथ पंचायत की भी जिम्मेदारी है। जिला के सभी सरपंच भी इस मामले में चौकन्ने रहें।
अगर कहीं भी अवैध खनन या अवैध रूप से खनन के परिवहन की सूचना मिले तो जिला प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।