महेंद्रगढ़। गांव खुडाना में प्रस्तावित आईएमटी की भूमि का बुधवार को एचएसआईडीसी चंडीगढ़ से पहुंची टीम ने जमीन और रास्ते का निरीक्षण किया। इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी साथ मौजूद रहे।
हरियाणा राज्य औद्योगिक विकास निगम (एचएसआईडीसी) के कार्यकारी निदेशक संदीप चावला ने कहा कि अगले सप्ताह से इस पर काम शुरू करवा दिया जाएगा और टूरिज्म कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह से कैंप लगाया जाएगा ताकि किसान ई-भूमि पोर्टल पर अपनी जमीन अपलोड करवा सकें। पूर्व शिक्षामंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा ने बताया कि जमीन की कीमतों को लेकर आई बाधाएं भी जल्द दूर कर ली जाएगी। प्रदेश सरकार यहां आईएमटी स्थापित करेगी लेकिन ग्रामीणों को इसमें सहयोग करना होगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 24 फरवरी 2019 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। अब जल्द ही इस परियोजना को पंख लगने वाले हैं। प्रस्तावित भूमि पर 30 करोड़ रुपये की लागत से वाटर टैंकर भी बनाया जा रहा है। आईएमटी के साथ ही टूरिज्म कॉम्पलेक्स भी बनाया जाएगा। आने वाले दिनों में आईएमटी पर युद्ध स्तर पर काम चलेगा। अगले सप्ताह तक एचएसआईडीसी की टीम कैंप भी लगाएगी ताकि किसान अपनी जमीन ई भूमि पोर्टल पर अपलोड कर सके। कार्यकारी निदेशक संदीप चावला ने बताया कि इस परियोजना की जो भी बाधाएं आ रही हैं उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। रास्ते पर जिन किसानों की जमीन है, वो जल्द से जल्द ई-भूमि पोर्टल पर अपलोड करें ताकि मुख्य रास्ते का निर्माण शुरू कराया जा सके।
इस टीम में कार्यकारी निदेशक संदीप चावला, चीफ इंजीनियर अरूण कुमार पांडेय, एसटीपी बबीता शर्मा शामिल हुई। इसके अलावा एचएसआईआईडीसी के स्थानीय अधिकारियों में एजीएम अशोक, एसडीओ सुनील, डीटीपी रविश, एटीपी प्रदीप, ज्ञानवीर पूनिया, जेई सुजान यादव, अमित पटवारी, सतीश पटवारी, रणवीर सिंह, लिपिक दीपक गौड़, एलडीसी प्रदीप, रिवन्यू नरेश गिरदावर भी उपस्थित रहे।