नारनौल। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को नारनौल शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर अन्नकूट के भंडारे लगाए गए। इनमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुबह से ही मंदिरों में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा अपने घरों से बर्तन लेकर प्रसाद लेने पहुंचे। गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट के लिए कढ़ी, चावल, सब्जी, मूंग और बाजरे सहित कई तरह के पकवान तैयार किए गए।
कुछ मंदिरों में सुबह 11 बजे से प्रसाद वितरण शुरू हो गया, जबकि कई जगह दोपहर 12 बजे पूजा-अर्चना के बाद भंडारे लगाए गए। शहर के नई सराय स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, माता मसानी के समीप शिवालय, मां चामुंडा देवी मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, सीताराम मंदिर संघीवाड़ा और पुस्तक गली स्थित सत्यनारायण मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों पर अन्नकूट का प्रसाद बांटा गया।
मोहल्ला संघीवाड़ा स्थित सीताराम मंदिर में शहर के कई गणमान्य लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इनमें नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी जोगेंद्र सिंह कालीरामणा, विकास जेई, पूर्व चेयरमैन गोविंद भारद्वाज, श्री हनुमान गुणगान प्रचार मंडल के प्रधान आचार्य क्रांति निर्मल, सत्यव्रत शास्त्री, प्रेमचंद सैनी, अशोक सैनी, अनिल शर्मा, भागीरथ बारी, प्रवीण संघी और एडवोकेट दिवाकर शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर एग्रो के पूर्व चेयरमैन गोविंद भारद्वाज ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। त्योहार हमारी पुरानी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने के साथ लोगों को एक-दूसरे से जोड़ते हैं।
अन्नकूट प्रसाद वितरण के बाद शाम को महिलाओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।