फोटो 34रेलवे सुरक्षा आयुक्त ई श्रीनिवास अपनी टीम के साथ निरीक्षण करते।स्रोत प्रवक्ता
मंडी अटेली। सेफ्टी रेलवे कमिश्नर (सीआरएस) ई श्रीनिवास और डीआरएम रवि जैन ने रविवार को अटेली से नारनौल के बीच 14 किलोमीटर ट्रैक के दोहरीकरण का ट्रायल किया। इस दौरान अधिकारियों ने इंजन चलाकर ट्रैक की मजबूती और तकनीकी क्षमता का परीक्षण किया।
स्पीड ट्रायल के माध्यम से यह परखा गया कि ट्रैक कितनी गति तक सुरक्षित है। इंजन परीक्षण के बाद अंतिम स्वीकृति सीआरएस की ओर से दी जाएगी जिसमें यह निर्धारित किया जाएगा कि इस सेक्शन पर अधिकतम कितनी रफ्तार से ट्रेनें चलाई जा सकती हैं।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डबल लाइन और ऑटोमेटिक सिस्टम लागू होने से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित होगी। इससे क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को समय की बचत के साथ बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। पार्षद प्रतिनिधि बिरेंद्र तथा पार्षद धर्मेंद्र शर्मा ने प्लेटफार्म नंबर 2 पर टीन शेड लगाने की मांग की ताकि यात्रियों को धूप और बारिश से राहत मिल सके।
इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना पर लगभग 218 करोड़ रुपये की लागत आई है। उद्घाटन अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सुरक्षित रेल संचालन की कामना की गई।