नारनौल। प्राचीन जल महल में बॉलीवुड फिल्म लाइकी लाइका की शूटिंग शनिवार को की गई। इसकी जानकारी होने पर लोग शूटिंग देखने के लिए जलमहल पहुंचने लगे लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें जल महल में प्रवेश नहीं करने दिया गया। ऐसे कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
शूटिंग के दौरान अभिनेत्री राशा थड़ानी और अभिनेता अभय वर्मा का एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जल महल के बाहर खड़े रहे।फिल्म के निर्देशक सौरभ गुप्ता हैं। हालांकि शूटिंग के दौरान सीन लीक ना हो जाए इसके लिए जल महल के चारों और नीले रंग के पर्दे लगाए गए थे। शूटिंग देखने के लिए महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और महिलाएं टोली बनाकर फिल्म की शूटिंग देखने जल महल पहुंची।
दूर-दराज आए लोग नहीं कर पाए जल महल का दीदार
जल महल स्मारक को देखने के लिए स्थानीय लोगों के अलावा दूर-दराज क्षेत्र से भी लोग प्रतिदिन आते हैं। शनिवार को भी रेवाड़ी से कुछ लोग जल-महल का दीदार करने आए थे लेकिन फिल्म की शूटिंग के चलते उनको प्रवेश नहीं मिला और उनका जल-महल भ्रमण अधूरा रह गया। जल महल धीरे-धीरे पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
-
हमने जल महल का काफी नाम सुना था। परिवार के सभी लोग जल महल देखने आए थे लेकिन शूटिंग के कारण प्रवेश नहीं मिल सका। जल महल की बनावट शानदार है। अगर इसके तालाब में पानी भर दिया जाए तो इसकी सुंदरता पर चार चांद लग जाएंगे। -योगिता, रेवाड़ी।
-
फिल्म की शूटिंग होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। अब प्रसिद्ध स्मारक को देश भर के लोग बड़े पर्दे पर देखेंगे जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। -नरेश कुमार, मोहल्ला-कायस्थवाड़ा
सुबह-शाम जल महल में सैर करने आते हैं। फिल्म की शूटिंग की खबर सुनकर पड़ोस की महिलाओं के साथ जल महल पहुंची थी। जल महल में शूटिंग होना एक शानदार अनुभव है।-सरोज देवी, मोहल्ला-पुरानी मंडी
वर्जन :
जल महल में फिल्म की शूटिंग के लिए 31 अक्तूबर से एक नवंबर तक दो दिन का शेड्यूल था। अब जल महल की भव्यता बड़े पर्दे पर दिखेगी। अमित कुमार, संरक्षण सहायक, भारतीय पुरात्तव विभाग, नारनौल।