महेंद्रगढ़। एसडीएम योगेश सैनी ने जनगणना के अंतर्गत चल रहे हाउस लिस्टिंग का निरीक्षण करने के लिए विभिन्न गांवों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महेंद्रगढ़, पायगा, रिवासा, सिसोठ, खातोदड़ा, खातोद सहित दर्जनों गांवों में पहुंचकर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की ओर से किए जा रहे कार्यों का सूक्ष्मता एवं गंभीरता से अवलोकन किया।
एसडीएम योगेश सैनी ने घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे कार्य, डेटा संकलन, परिवार विवरण पंजीकरण, मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया व डिजिटल रिकॉर्डिंग व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से संवाद कर कार्य की प्रगति आ रही चुनौतियों व आमजन के सहयोग के बारे में जानकारी प्राप्त की।
सहायक चार्ज अधिकारी राजेश शर्मा ने कहा कि महेंद्रगढ़ क्षेत्र में जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। दीपक कुमार शर्मा ने कहा कि जनगणना कार्य राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान कानूनगो नरेश सिंह, हरीश रोहिल्ला, शंकर, सुपरवाइजर नागर सिंह, आशा कुमारी, शर्मिला यादव, अरुण कुमार, शर्मिला, कौशल्या, सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।