मंडी अटेली। समाज और राष्ट्र निर्माण में अध्यापक की भूमिका अहम होती है।
यह बात प्रमुख शिक्षाविद एवं कवि-गीतकार डॉ. सीएस वर्मा प्रभाकर ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अटेली में कला अध्यापिका माया यादव की सेवानिवृत्ति पर आयोजित सम्मान समारोह में कही। इस अवसर पर विद्यालय में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अध्यापिका माया यादव के योगदान की सराहना की।
डॉ. वर्मा ने कहा कि अध्यापक न केवल छात्रों को शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि वे उन्हें जीवन के मूल्यों, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी सिखाते हैं। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य मदन गोपाल ने की, जबकि मंच संचालन प्रवक्ता नवरत्न वर्मा ने किया।
अपने अध्यक्षीय भाषण में मदन गोपाल ने कहा कि माया यादव एक समर्पित और अनुभवी अध्यापिका हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में छात्रों को न केवल शिक्षा प्रदान की, बल्कि उन्हें जीवन के मूल्यों और नैतिकता की भावना भी सिखाई। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता शर्मिला, रंजन कौर, वीना आनंद, नेहा यादव, राजेश कुमार, सुनील दत्त, पिंकी कुमारी, पूनम यादव, वसुंधरा, रेखा, कर्ण सिंह सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा ।