फोटो संख्या:76- लाला शिवलाल धर्मशाला कनीना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नरेश क
कनीना। कनीना मंडी स्थित लाला शिवलाल धर्मशाला में पढ़ाई भी पोषण भी थीम पर आयोजित तीन दिवसीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने कहा कि नई शिक्षा नीति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बच्चे की बुनियादी शिक्षा की नींव आंगनबाड़ी केंद्र से ही पड़ती है और यहीं से उसके शैक्षिक जीवन की शुरुआत होती है। कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता और व्यापक दृष्टिकोण के साथ निभाना चाहिए।
सर्कल सुपरवाइजर मनीषा यादव ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को नए मापदंडों के अनुसार बच्चों के ज्ञानवर्धन, निर्धारित प्रपत्रों पर रिपोर्ट तैयार करने व सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। सुपरवाइजर पूजा खींची ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में लगभग 180 कार्यकर्ताओं ने दो बैचों में भाग लिया और प्रशिक्षण से लाभान्वित हुई।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अनूप सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बाल विकास से जुड़े अनेक प्रभावी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। हरियाणा प्रदेश नई शिक्षा नीति लागू करने वाला देश का पहला राज्य है जिसमें पढ़ाई भी पोषण भी योजना को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जा रहा है।
इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर और विभाग पूरी तरह तैयार हैं। समापन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नए परिवेश और प्रशिक्षण से उन्हें बेहतर ढंग से कार्य करने की प्रेरणा मिली है। वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगी। इस अवसर पर सुपरवाइजर जग्गो देवी, ज्योति यादव, सुमन यादव सहित सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।